बेगूसराय: कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिव प्रकाश गरीब दास ने बछवाड़ा प्रखंड के पांच पंचायतों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्र घोषित कर अविलंब राहत कार्य शुरू करने की मांग की है। जिला पदाधिकारी बेगूसराय को लिखे पत्र में उन्होंने चमथा-1, चमथा-2, चमथा-3, विशनपुर एवं दादुपुर पंचायतों को तत्काल बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र घोषित करते हुए जीआर की राशि तथा राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ कराने का आग्रह किया है।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्र घोषित करने की मांग
पूर्व विधानसभा प्रत्याशी शिव प्रकाश गरीब दास ने कहा कि गंगा बाया नदी के जलस्तर में अप्रत्याशित वृद्धि के कारण उक्त पंचायतों में विनाशकारी बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। कई गांवों में पानी प्रवेश कर जाने से बड़ी संख्या में परिवार प्रभावित हुए हैं। लोगों के घरों में पानी घुस गया है तथा कृषि क्षेत्र भी जलमग्न हो गए हैं, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। उन्होंने बताया कि बाढ़ की भयावह स्थिति के कारण लोगों के समक्ष भोजन, पेयजल, पशुओं के चारे एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।
गंगा बाया नदी का जलस्तर बढ़ने से हालात गंभीर
किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं और प्रभावित परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं बछवाड़ा प्रखंड के अतिरिक्त जिले के अन्य क्षेत्रों में भी नदियों के बढ़ते जलस्तर के कारण बाढ़ की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने जिला प्रशासन से मांग की है कि बाढ़ प्रभावित पंचायतों को तत्काल बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र घोषित कर जीआर राशि एवं फसल क्षतिपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही अन्य प्रखंडों में बाढ़ एवं कटाव प्रभावित क्षेत्रों का भी त्वरित सर्वेक्षण कराया जाए।
राहत और बचाव कार्य की तत्काल जरूरत
उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में नावों की व्यवस्था, राहत शिविर, सूखा राशन, मेडिकल टीम, आवश्यक दवाइयां, स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त सामुदायिक किचन तथा पशुपालकों के लिए चारे की व्यवस्था करने की मांग की। इसके अलावा जरूरतमंद लोगों के बीच आवश्यक राहत सामग्री का अविलंब वितरण सुनिश्चित करने तथा अन्य जगहों पर कटाव प्रभावित क्षेत्रों में युद्धस्तर पर कटाव निरोधक कार्य कराने की भी मांग की गई है। शिव प्रकाश गरीब दास ने कहा कि बाढ़ एवं कटाव की भयावह स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा त्वरित और प्रभावी कार्रवाई अत्यंत आवश्यक है, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि को रोका जा सके और बाढ़ प्रभावित परिवारों को समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध हो सके।
तटबंध मरम्मत में अनियमितता पर चिंता
साथ ही पिछले दिनों बेगूसराय में गंगा बाया नदी का टूटे हुए तटबंध का मरम्मत कार्य में हुए लूट खसोट पर चिंता जताते हुए कहा कि आज उसके कारण ही गुणवत्ता पूर्ण मानक अनुरूप में तटबंध का मरम्मत नहीं होने से फिर से तेजी से रिसाव जारी है जिसके कारण लोगों में एक बार फिर डर का माहौल कायम है। उन्होंने प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए अविलंब आवश्यक कार्रवाई कर राहत, बचाव एवं कटाव निरोधक कार्य युद्धस्तर पर प्रारंभ कराने की मांग की है। बेगूसराय जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट पर भी इस संबंध में अपडेट अपेक्षित है।
प्रभावित पंचायतों के ग्रामीणों ने बताया कि पानी का स्तर लगातार बढ़ रहा है और प्रशासनिक मदद अभी तक नहीं पहुंची है। कांग्रेस नेता ने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर ठोस कदम नहीं उठाए गए तो पार्टी आंदोलन के लिए बाध्य होगी। जिले के अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी इस मांग का समर्थन किया है।



