बरौनी: बेगूसराय जिले के बरौनी प्रखंड अंतर्गत निंगा पंचायत के लदौरा गांव में बुधवार को पहली बार तीन दिवसीय आवामी दावत-ए-इज्तेमा का भव्य आगाज हुआ। पहले दिन निंगा लदौरा में आवामी इज्तेमा में हजारों की संख्या में युवा, बच्चे और बुजुर्ग शामिल होने पहुंचे। सुबह से ही आयोजन स्थल की ओर जाने वाली सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।
बिहार के अलावा दिल्ली और उत्तर प्रदेश से भी उलेमा इस धार्मिक आयोजन में शिरकत कर रहे हैं। वहीं मुंगेर प्रमंडल के सभी छह जिलों सहित बिहार के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में अकीदतमंद पहुंच रहे हैं। पहले दिन इज्तेमा का शुभारंभ दुआओं के साथ हुआ। इसके बाद उलेमाओं ने इस्लाम से जुड़े विभिन्न धार्मिक विषयों पर तकरीर की और लोगों को महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
निंगा लदौरा में आवामी इज्तेमा का मुख्य उद्देश्य
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य इंसानियत की भलाई, समाज में खुशहाली, अमन-शांति और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देना है। तकरीरों के माध्यम से लोगों को अच्छे आचरण और सकारात्मक व्यवहार से बेहतर माहौल बनाने की सीख दी जा रही है। दूसरों के साथ अच्छा व्यवहार करना और समाज में सद्भाव बनाए रखना इसके प्रमुख संदेशों में शामिल है।
भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और प्रखंड प्रशासन की टीम ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। आयोजक कमेटी की ओर से ठहरने, खान-पान और निशुल्क चिकित्सा शिविर की व्यवस्था की गई है। यह तीन दिवसीय इज्तेमा शुक्रवार छह नवंबर को सुबह दस बजे सामूहिक दुआ के साथ संपन्न होगा।


