रांची: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के खिलाफ भाजपा नेताओं द्वारा कथित रूप से अपमानजनक, भड़काऊ एवं सांप्रदायिक विद्वेष फैलाने वाले बयान दिए जाने तथा उनके आवास पर बुलडोजर चलाने की धमकी देने के विरोध में कांग्रेस ने आक्रामक रुख अपना लिया है। रांची महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. कुमार राजा एवं रांची जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सोमनाथ मुंडा के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने भाजपा के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया, जमकर नारेबाजी की और तत्पश्चात जगन्नाथपुर थाना पहुंचकर भाजपा नेताओं के खिलाफ लिखित शिकायत देते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई।
डॉ. इरफान अंसारी को आतंकवादी बताने पर गरमाई राजनीति
इस विरोध प्रदर्शन एवं कानूनी कार्रवाई के दौरान झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे, रांची महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. कुमार राजा, रांची जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सोमनाथ मुंडा, कांग्रेस नेता रियाज अंसारी, राजेश सिन्हा सन्नी, फिरोज रिजवी मुन्ना, कुमुद रंजन, संजीत यादव, अख्तर अली, अनिल उरांव, सादाब इजराइल एवं अभिषेक साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे।
कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सांसद संजय सेठ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, दीपक प्रकाश, भानु प्रताप शाही एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। शिकायत में भाजपा नेताओं के सार्वजनिक भाषणों, वीडियो, सोशल मीडिया पोस्ट एवं अन्य डिजिटल साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच कराने का भी आग्रह किया गया है।
कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर बोला तीखा हमला
प्रदेश कांग्रेस महासचिव आलोक कुमार दूबे ने कहा कि राजनीतिक विरोध के नाम पर किसी व्यक्ति को आतंकवादी बताना, उसकी धार्मिक एवं सामुदायिक पहचान को निशाना बनाना और उसके घर पर बुलडोजर चलाने की धमकी देना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है। भाजपा नेताओं को बताना चाहिए कि आखिर उन्हें इस प्रकार की धमकी देने का अधिकार किसने दिया है? राजनीति में वैचारिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन व्यक्तिगत अपमान और धमकी की कोई जगह नहीं होनी चाहिए। यह लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष की नहीं, बल्कि संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक सम्मान और सांप्रदायिक सद्भाव की लड़ाई है।
रांची महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. कुमार राजा ने कहा कि भाजपा नेताओं की बयानबाजी राजनीतिक मर्यादाओं को लगातार तार-तार कर रही है। किसी जनप्रतिनिधि को आतंकवादी बताना और उसके घर पर बुलडोजर चलाने की धमकी देना गंभीर मामला है। यदि किसी के खिलाफ कोई आरोप है तो उसके लिए देश में कानून और न्यायालय हैं। भाजपा नेताओं को कानून अपने हाथ में लेने की भाषा बंद करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस तरह की बयानबाजी के खिलाफ सड़क से लेकर कानूनी मंच तक अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।
रांची जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सोमनाथ मुंडा ने कहा कि झारखंड आपसी भाईचारे, आदिवासी-मूलवासी एकता और सामाजिक सद्भाव की धरती है। भाजपा नेताओं द्वारा इस प्रकार की बयानबाजी से समाज में वैमनस्य फैलाने का प्रयास नहीं होना चाहिए। किसी की धार्मिक पहचान के आधार पर उसे आतंकवादी या घुसपैठिया बताना उचित नहीं है। कानून सबके लिए समान है और पुलिस को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करनी चाहिए।
इस विरोध प्रदर्शन के संबंध में विस्तृत जानकारी आप प्रभात खबर की आधिकारिक वेबसाइट पर पढ़ सकते हैं।





