मंझौल: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी बेगूसराय एवं निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, 141 चेरिया बरियारपुर के आदेशानुसार निर्वाचन साक्षरता क्लब का गठन किया गया है। इसी के तहत 25 नवंबर 2026 को पीएम श्री आर.डी.पी. गर्ल्स हाई स्कूल मंझौल में 141 चेरिया बरियारपुर विधानसभा स्तरीय क्विज व निबंध प्रतियोगिता के लिए प्रतिभागियों का चयन किया गया। यह प्रतियोगिता कक्षा 9 से 12 के बच्चों के लिए आयोजित की गई थी। इसमें प्रखंड चेरिया बरियारपुर एवं नावकोठी के कुल 10 विद्यालयों के 47 बच्चों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य निर्वाचन के महत्व, निर्वाचन प्रक्रिया, ईवीएम-वीवीपैट एवं मतदाता सूची के संदर्भ में जागरूकता का प्रचार करना है।
9 बच्चों का चयन पहले ही हो गया था
प्रखंड स्तर पर कुल 10 बच्चों का चयन करना था। इसमें से 9 बच्चे पहले ही चयनित हो गए थे। चयनित 9 बच्चे हैं – चंद्रेश कुमार, मो. साजिद, प्रियांशी कुमारी, मो. अरमान, खालिद जिया, शशि कुमारी, साक्षी कुमारी, गुंजन कुमारी, राकेश कुमार और केशव कुमार। इन सभी ने प्रारंभिक चरण में बेहतरीन प्रदर्शन किया था।
10वें स्थान के लिए हुआ लॉटरी
दसवें विद्यार्थी के चयन के लिए बड़ी दिलचस्प स्थिति बन गई। सात विद्यार्थियों को बराबर-बराबर 28-28 अंक मिले थे। सातों के नाम दिव्या भारती, श्रीकांत कुमार, दिव्या भारती (द्वितीय), अंशु कुमारी, शिवम कुमार, गौरव कुमार और दीपक कुमार थे। नियम के अनुसार जब अंक बराबर हो जाएं, तो लॉटरी की प्रक्रिया अपनाई जाती है। सातों विद्यार्थियों का नाम, पिता का नाम और अंक लिखकर पर्ची बनाई गई और एक डिब्बे में रख दिया गया। इसके बाद छात्रा स्वाति कुमारी को बुलाया गया। उसने डिब्बे को अच्छी तरह हिलाया और बिना देखे ऊपर से एक पर्ची निकाली। पर्ची में नाम निकला – अंशु कुमारी, पिता – देव नारायण महतो, उत्क्रमित मध्य विद्यालय बारा टेटराही, कक्षा – 9। इस प्रकार भारत निर्वाचन आयोग के नियमों के तहत अंशु कुमारी को 10वें प्रतिभागी के रूप में चयनित किया गया। चयन की घोषणा होते ही वहां मौजूद सभी लोगों ने ताली बजाकर उनका स्वागत किया। बाद में चयन प्रक्रिया का पूरा विवरण रजिस्टर में लिखा गया और उपस्थित अधिकारियों एवं छात्रा द्वारा हस्ताक्षर भी कराया गया, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रहे।
अधिकारियों ने दी जानकारी
इस मौके पर चेरिया बरियारपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी निरंजन कुमार, शिक्षक सिंटू कुमार, हेडमास्टर रामबाबू झा और स्कूल के सहयोगी शिक्षक मौजूद रहे। आयोजकों ने बताया कि निर्वाचक साक्षरता क्लब के माध्यम से बच्चों को मतदान का महत्व समझाया जा रहा है, ताकि वे अपने परिवार एवं समाज में भी जागरूकता फैला सकें।




