रांची: खेलो इंडिया अस्मिता साइकिलिंग स्टेट लीग 2026 का दो दिवसीय आयोजन रांची स्थित खेलगांव के सिंधु-कान्हू वेलोड्रोम स्टेडियम में शानदार ढंग से शुरू हुआ। भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) एवं साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (CFI) के निर्देशन में झारखंड साइकिलिंग संघ द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला खेल पदाधिकारी, रांची शिवेंद्र सिंह एवं जिला परियोजना पदाधिकारी ऋतुराज ने संयुक्त रूप से फ्लैग ऑफ कर किया।
उद्घाटन समारोह में अतिथियों का सम्मान
इस अवसर पर अतिथियों को झारखंड साइकिलिंग संघ के कोषाध्यक्ष रणवीर सिंह द्वारा मोमेंटो एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथियों ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को पदक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अतिथियों ने खिलाड़ियों के उत्साह, प्रतिभा एवं अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं महिला एवं बालिका खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच प्रदान करती हैं।
खेलो इंडिया अस्मिता साइकिलिंग स्पर्धाओं के परिणाम
प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न स्पर्धाओं के विजेताओं की घोषणा की गई। इंडिविजुअल परस्यूट (वूमेन एलीट) में नीमा कुमारी ने स्वर्ण, सोहागिनी हसदा ने रजत और सीता कुमारी ने कांस्य पदक जीता। टाइम ट्रायल 1000 मीटर (वुमन जूनियर) में पिंकी कुमारी ने स्वर्ण, अनीता उरांव ने रजत और निकिता सोरेंग ने कांस्य पदक प्राप्त किया। वहीं 200 मीटर स्प्रिंट वुमन एलीट में सबीना कुमारी ने स्वर्ण, सिंधु लता हेम्ब्रम ने रजत और संजू कुमारी ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
15 जिलों की महिला खिलाड़ियों ने लिया भाग
प्रतियोगिता में झारखंड के 15 जिलों से बालिका एवं महिला खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। विभिन्न ट्रैक स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस आयोजन से राज्य में महिला साइकिलिंग को नई गति मिलने की उम्मीद है। खेलो इंडिया जैसी पहल से जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं को तराशने में मदद मिल रही है।
आयोजन में अधिकारियों की अहम भूमिका
इस अवसर पर झारखंड साइकिलिंग संघ के महासचिव शैलेंद्र पाठक, कोषाध्यक्ष रणवीर सिंह, साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा नियुक्त पीसीपी अभिजीत सेठ, सतविंदर कौर, आशीष कुमार, जितेंद्र महतो, दिलीप कुमार गुप्ता, राम कुमार भट्ट सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं साइकिलिंग संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता को सफल बनाने में झारखंड साइकिलिंग संघ के पदाधिकारियों, तकनीकी अधिकारियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।



