ओटीसी बरौनी में इंटर ग्रुप ड्रोन प्रतियोगिता शुरू, कैडेट्स दिखा रहे तकनीकी हुनर
बरौनी बेगुसराय
एनसीसी निदेशालय बिहार एवं झारखंड के तत्वावधान में एनसीसी ग्रुप भागलपुर की ओर से इंटर ग्रुप ड्रोन प्रतियोगिता-2026 का आयोजन 26 सितंबर से 5 अक्टूबर तक ओटीसी बरौनी में किया जा रहा है प्रतियोगिता में एनसीसी की आर्मी, नेवल एवं एयर विंग के कैडेट्स उत्साहपूर्वक हिस्सा ले रहे हैं।प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य कैडेट्स में ड्रोन तकनीक की समझ, तकनीकी दक्षता, उड़ान कौशल, नवाचार, समस्या समाधान और टीम भावना को बढ़ावा देना है। साथ ही, प्रतियोगिता के माध्यम से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स का चयन आगामी इंटर डायरेक्टोरेट ड्रोन प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा, जिसका आयोजन 23 अक्टूबर से 3 नवंबर तक सलेम में निर्धारित है।प्रतियोगिता का संचालन 35 बिहार बटालियन एनसीसी के प्रशासनिक अधिकारी एवं प्रतियोगिता के ओआईसी लेफ्टिनेंट कर्नल हिम्मत सिंह के निर्देशन में किया जा रहा है। मूल्यांकन प्रक्रिया में लेफ्टिनेंट कर्नल हिम्मत सिंह, सूबेदार विजय, हवलदार सिदेश, कॉर्पोरल योगेश एवं लीडिंग सीमैन तोमर शामिल हैं।प्रतियोगिता के दौरान कैडेट्स की दक्षता का कई चरणों में परीक्षण किया जा रहा है। इसमें ड्रोन असेंबली, फ्लाइंग स्किल्स, लिखित परीक्षा, वाइवा वॉइस तथा इनोवेशन एवं डिजाइन प्रोजेक्ट प्रमुख हैं। ड्रोन असेंबली में कैडेट्स के तकनीकी ज्ञान और ड्रोन के विभिन्न हिस्सों को जोड़ने की क्षमता, जबकि फ्लाइंग स्किल्स में सुरक्षित एवं कुशल उड़ान संचालन का परीक्षण किया जा रहा है।वहीं लिखित परीक्षा और वाइवा वॉइस के माध्यम से ड्रोन तकनीक से जुड़े सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक ज्ञान को परखा जा रहा है। इनोवेशन एवं डिजाइन प्रोजेक्ट में कैडेट्स की रचनात्मक सोच, नए प्रयोग और व्यावहारिक समाधान को महत्व दिया जा रहा है।प्रतियोगिता में बेस्ट ग्रुप इन फ्लाइंग, बेस्ट ग्रुप इन एकेडमिक्स और बेस्ट ग्रुप इन इनोवेशन एंड डिजाइन प्रोजेक्ट सहित विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार दिए जाएंगे। सर्वश्रेष्ठ ग्रुप और व्यक्तिगत रूप से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को ड्रोन ट्रॉफी एवं पदक, जबकि रनर-अप को भी ट्रॉफी एवं पदक प्रदान किए जाएंगे।एनसीसी अधिकारियों के अनुसार, यह प्रतियोगिता कैडेट्स को ड्रोन एवं मानव रहित हवाई प्रणाली (यूएएस) जैसी उभरती तकनीकों से जोड़ने के साथ-साथ उनमें तकनीकी दक्षता, नवाचार, अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान कर रही है।



