दिपावली से पहले जिला के सभी स्ट्रीट लाइट को दुरुस्त करने का निर्देश
बेगुसराय
दीपावली से पहले जिले में प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी, बेगूसराय श्री रिची पाण्डेय की अध्यक्षता में सभी सोलर स्ट्रीट लाइट एजेंसियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में स्थापित सोलर स्ट्रीट लाइटों की स्थिति, रखरखाव एवं मरम्मत कार्यों की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने जिला पंचायती राज पदाधिकारी को सभी खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत दीपावली से पहले सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में कुल 31,030 सोलर स्ट्रीट लाइटें स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित है, जिसके विरुद्ध अब तक 30,910 लाइटें स्थापित की जा चुकी हैं। शेष 120 लाइटों को भी शीघ्र स्थापित करने का निर्देश दिया गया।सीएमएस पोर्टल की समीक्षा में 72 घंटे से अधिक समय से खराब 49 स्ट्रीट लाइटें दर्ज पाई गईं, जबकि 1,628 लाइटों में सिग्नल लॉस की समस्या सामने आई। इस पर जिला पदाधिकारी ने संबंधित एजेंसियों को सभी खराब लाइटों की मरम्मत निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित करने तथा सिग्नल लॉस की समस्या का भी त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया।जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि खराब स्ट्रीट लाइटों की निर्धारित 72 घंटे की समय-सीमा में मरम्मत नहीं किए जाने पर संबंधित एजेंसी की मेंटेनेंस राशि से प्रति खराब लाइट प्रतिदिन 10 रुपये की दर से कटौती की जाएगी। उन्होंने सभी एजेंसियों को निर्देश दिया कि वे स्ट्रीट लाइटों के नियमित रखरखाव, तकनीकी समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं सुचारु संचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।जिला पदाधिकारी ने जिला पंचायती राज पदाधिकारी को निर्देश दिया कि जिले में स्थापित सभी सोलर स्ट्रीट लाइटों की रोस्टर तैयार कर नियमित रूप से जांच कराई जाए, ताकि खराब लाइटों की पहचान कर समयबद्ध तरीके से उनकी मरम्मत सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने जांच एवं रखरखाव कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा संबंधित एजेंसियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यों की नियमित निगरानी की जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि दीपावली से पहले जिले में सभी सोलर स्ट्रीट लाइटें सुचारु रूप से कार्य करने लगें, ताकि आम नागरिकों को बेहतर प्रकाश व्यवस्था का लाभ मिल सके।



