झारखंड की बेटियों ने जीते दो कांस्य पदक
झारखंड की पदक तालिका में अब तक 1 रजत एवं 5 कांस्य सहित कुल 6 पदक
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद् , राँची के नेतृत्व में 70वीं SGFI राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता 2026–27 में भाग ले रहे झारखंड के खिलाड़ियों का प्रदर्शन लगातार उत्साहजनक बना हुआ है। इसी क्रम में गतका की बालिका खिलाड़ियों ने दो कांस्य पदक जीतकर राज्य को गौरवान्वित किया है। इन पदकों के साथ प्रतियोगिता में झारखंड अब तक 1 रजत एवं 5 कांस्य सहित कुल 6 पदक हासिल कर चुका है।
नई दिल्ली के त्यागराज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 24 से 28 अक्टूबर 2026 तक आयोजित 70वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल गतका प्रतियोगिता के अंडर-19 बालिका वर्ग की सिंगल सोटी व्यक्तिगत स्पर्धा में लक्ष्मी कुमारी ने कांस्य पदक हासिल किया। वहीं, सिंगल सोटी टीम स्पर्धा में लक्ष्मी कुमारी, रिया कुमारी, साधना कुमारी एवं खुशबू कुमारी की टीम ने भी कांस्य पदक जीतकर राज्य की उपलब्धियों में इजाफा किया।
राज्य के 16 सदस्यीय बालक-बालिका गतका दल ने प्रतियोगिता में भाग लिया है। टीम के साथ कोच एवं मैनेजर के रूप में संजय कुमार यादव और पप्पू कुमार मौजूद रहे। उनके मार्गदर्शन एवं सहयोग ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर राज्य के मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव श्री उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक श्री शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी श्री मनोज कुमार एवं राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी श्री धीरसेन ए. सोरेंग एवं खेल कोषांग के सभी सदस्यों ने पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।



