अर्णव चक्रवात की बारिश से किसानों की बढ़ी चिंता, फसलों पर मंडराया संकट,
हंटरगंज अर्णव चक्रवात के प्रभाव से हो रही बारिश ने हंटरगंज प्रखंड के किसानों की चिंता बढ़ा दी है।बारिश के कारण खेतों में लगी धान की फसल के साथ आलू, चना और खेसारी की खेती पर भी असर पड़ रहा है। मौसम की मार से किसानों को फसल बर्बाद होने की चिंता सताने लगी है।प्रखंड के खुटीकेवाल, ढेबो, केदली, उरैली, जबड़ा, चकला,अकौना, कोबना, समेत सैकड़ों ग्रामीण इलाकों में किसान इस समय धान की फसल समेटने और रबी फसलों की खेती की तैयारी में जुटे थे। इसी बीच मौसम ने करवट ले ली। लगातार बारिश से खेतों में पानी जमा होने लगा है। इससे धान की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है। वहीं आलू, चना और खेसारी की खेती करने वाले किसान भी परेशान हैं। किसान रामबली कुमार का कहना है कि खेती में खाद, बीज और मजदूरी पर पहले ही काफी खर्च हो चुका है। ऐसे में मौसम की मार से फसल खराब हुई तो उनकी आर्थिक स्थिति पर भी असर पड़ेगा। किसानों को अब मौसम साफ होने का इंतजार है।किसानों ने कृषि विभाग और प्रशासन से प्रभावित फसलों का जायजा लेने तथा नुकसान का आकलन कराने की मांग की है। उनका कहना है कि फसल बर्बाद होने की स्थिति में उचित मुआवजा मिलना चाहिए, ताकि खेती में हुए नुकसान से कुछ राहत मिल सके।



