बिलारी चिड़ियांटांड में कोयला वाहनों का कब्जा, सड़क जाम से जनता त्रस्त; परिवहन विभाग की कार्रवाई पर उठे सवाल
चतरा जिले के पिपरवार थाना क्षेत्र अंतर्गत बिलारी चिड़ियांटांड में कोयला वाहनों के सड़क के बीचों-बीच खड़े रहने से आए दिन सड़क जाम की स्थिति बन रही है। इससे आम जनता, राहगीरों और छोटे वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर कोयला वाहनों की लंबी कतार के कारण लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। सबसे बड़ा सवाल चतरा परिवहन विभाग की कार्यशैली पर उठ रहा है। इन दिनों विभाग दोपहिया वाहन चालकों का जमकर चालान काट रहा है, लेकिन सड़कों के बीचों-बीच भारी कोयला वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने वालों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही? क्या ट्रैफिक नियम सिर्फ दोपहिया वाहन चालकों के लिए ही हैं? आखिर भारी वाहनों के इस मनमाने परिचालन पर विभाग कब सख्ती दिखाएगा? स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर जाम की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।



