पुणे: वर्चुअल उद्घाटन से ठीक पहले पुणे मेट्रो स्टेशन की निर्माण गुणवत्ता और इंफ्रास्ट्रक्चर पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हाल ही में हुई तेज बारिश के बाद मान मेट्रो स्टेशन की छत से धड़ाधड़ पानी टपकने लगा, जिससे पैसेंजर मूवमेंट एरिया में पानी जमा हो गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उद्घाटन की तैयारियों के बीच मेट्रो कर्मचारी बाल्टियां लगाकर पानी इकट्ठा करते और पोंछा मारकर फर्श सुखाते नजर आ रहे हैं। इस बारे में अधिक जानकारी के लिए आप पुणे महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट पर जा सकते हैं।
पुणे मेट्रो स्टेशन पर पानी टपकने का वीडियो वायरल
पुणे मेट्रो लाइन 3 एक 23.2 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर है, जिसे करीब 8,313 करोड़ रुपए की भारी-भरकम लागत से पीपीपी मॉडल पर तैयार किया गया है। 4 नवंबर से यहां आम यात्रियों के लिए सेवाएं शुरू होने वाली हैं, लेकिन 1 नवंबर की शाम को मान स्टेशन के मेजेनाइन लेवल पर छत से गिरते पानी ने सुरक्षा और वॉटरप्रूफिंग के दावों की पोल खोल दी।
घटना का वीडियो वायरल होने और चौतरफा आलोचना होने के बाद पुणे महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (PMRDA) की मुख्य इंजीनियर ने सफाई पेश की। उन्होंने दावा किया कि स्टेशन के एंट्री स्ट्रक्चर की छत खुली है, जहां ड्रेनेज पाइप में अस्थाई रुकावट आने से पानी जमा हो गया था। छत पर पानी भरने के बाद वह ओवरफ्लो होकर स्टेशन बॉक्स और एंट्री स्ट्रक्चर के बीच की जगह से नीचे रिसने लगा।
लापरवाही पर उठे गंभीर सवाल
पीएमआरडीए की इस सफाई के बावजूद जनता और विशेषज्ञों के मन में यह सवाल कायम है कि आखिर उद्घाटन से ठीक दो दिन पहले पाइप ब्लॉक कैसे हुआ और दोनों स्ट्रक्चर्स के बीच की वॉटरप्रूफिंग व्यवस्था पहली ही बारिश में क्यों फेल हो गई? सोशल मीडिया यूजर्स प्रशासन को आड़े हाथों ले रहे हैं। यूजर्स का कहना है कि हजारों करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट का उद्घाटन होने वाला है और तैयारी के नाम पर बाल्टियां रखी जा रही हैं। अगर बिना मानसून के यह हाल है, तो भारी बारिश में यात्रियों का क्या होगा?
- 3 नवंबर को होना था वर्चुअल उद्घाटन।
- 1 नवंबर की शाम को मान स्टेशन पर टपका पानी।
- 8,313 करोड़ रुपए है इस प्रोजेक्ट की कुल लागत।
- 23.2 किलोमीटर लंबा है यह एलिवेटेड कॉरिडोर।



