बेगूसराय: आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनने तथा उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को समाहरणालय स्थित जिला पदाधिकारी के कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला पदाधिकारी श्री रिची पांडेय ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं।
बेगूसराय में जनता दरबार का आयोजन
आयोजित इस जनता दरबार में कुल 36 आवेदन प्राप्त हुए। इस दौरान मुख्य रूप से भूमि विवाद, भूमि परिमार्जन, रास्ते से संबंधित समस्या, अतिक्रमण, आधार कार्ड बनवाने एवं उसमें सुधार, पेंशन तथा थाना से जुड़े मामलों सहित विभिन्न व्यक्तिगत एवं जनहित से संबंधित शिकायतें सामने आईं।
जिला पदाधिकारी ने सभी आवेदकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त सभी आवेदनों का एक सप्ताह के अंदर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
प्रशासन की प्रतिबद्धता
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को कार्रवाई में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्धता बनाए रखने तथा आवेदकों को की गई कार्रवाई से अवगत कराने का भी निर्देश दिया, ताकि आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से विभिन्न कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े। अधिक जानकारी के लिए आप बिहार सरकार की आधिकारिक वेबसाइट पर विजिट कर सकते हैं।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि प्रशासन और आम नागरिकों के बीच सीधा संवाद सुशासन का महत्वपूर्ण आधार है। जनता दरबार के माध्यम से नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिलता है। जिला प्रशासन आम नागरिकों की शिकायतों के प्रति संवेदनशील है तथा उनके निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नियमानुसार समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।


