चतरा: अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह मुक्त दिवस के अवसर पर बाल विवाह मुक्त भारत अभियान, 2026 के अंतर्गत जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट सह प्रशिक्षण भवन हॉल चतरा के परिसर से जागरूकता प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह अभियान जिले में सामाजिक कुप्रथा को समाप्त करने के लिए शुरू किया गया है।
उपायुक्त श्री रवि आनंद, जिला परिषद उपाध्यक्ष श्री बज्रज किशोर तिवारी, असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी सह जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्री दिलीप कुमार तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री सन्नी वर्धन, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी अरुणा प्रसाद ने संयुक्त रूप से प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर सभी ने हस्ताक्षर अभियान में भी भाग लिया और बाल विवाह की रोकथाम के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की मुख्य बातें
इस जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जन-जागरूकता फैलाकर बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा की रोकथाम करना तथा आमजनों को इसके दुष्परिणामों एवं संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी देना है। अधिक जानकारी के लिए आप महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट देख सकते हैं।
प्रचार रथ के माध्यम से लोगों को बताया जाएगा कि 18 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं एवं 21 वर्ष से कम आयु के बालकों का विवाह कानूनन प्रतिबंधित है। साथ ही बाल विवाह के कारण बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं भविष्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों के प्रति भी समुदाय को जागरूक किया जाएगा।
प्रखंडों और पंचायतों में भ्रमण
उक्त प्रचार रथ 27 नवंबर 2026 से 21 दिसंबर 2026 तक जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों का भ्रमण करेगा। इसके लिए प्रतिदिन का रूट चार्ट तैयार किया गया है, जिसके अनुसार प्रचार रथ संपूर्ण चतरा जिले में निर्धारित कार्यक्रम के तहत जागरूकता गतिविधियों का संचालन करेगा।
अभियान के माध्यम से बालिकाओं, अभिभावकों एवं समुदाय के लोगों को बाल विवाह रोकने के लिए आगे आने, बाल विवाह से संबंधित किसी भी सूचना को साझा करने तथा इसकी रोकथाम में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उपायुक्त ने आमजनों से अपील किया है कि वे बाल विवाह मुक्त चतरा और बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।




