बेगूसराय: आगामी छठ पर्व के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी, बेगूसराय श्री रिची पांडेय द्वारा जिले के विभिन्न छठ घाटों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में आज जिला पदाधिकारी ने मंझौल अनुमंडल अंतर्गत विभिन्न छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने शाहपुर पंचायत अंतर्गत बसौना घाट तथा गोपालपुर पंचायत अंतर्गत रामपुर घाट का जायजा लिया। उन्होंने घाटों की स्थिति एवं छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
छठ पर्व पर सुरक्षा हेतु प्रशासन सतर्क
जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ महापर्व से पूर्व सभी घाटों पर साफ-सफाई, पहुंच पथ, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही घाटों पर सुरक्षा के दृष्टिकोण से आवश्यक सतर्कता बरतने एवं सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया।
इसके उपरांत जिला पदाधिकारी ने कांवर झील में चल रहे पुनरुद्धार कार्यों का भी स्थलीय निरीक्षण किया तथा कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से कार्य की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की और पुनरुद्धार कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। अधिक जानकारी के लिए आप बिहार सरकार की आधिकारिक वेबसाइट पर जा सकते हैं।
मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी मंझौल, अनुमंडल पुलिस उपाधीक्षक मंझौल, अंचल अधिकारी चेरियाबरियारपुर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। जिला प्रशासन द्वारा छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।



