खोदावंदपुर: बरियारपुर पश्चिमी पंचायत में विकास कार्यों को लेकर जनप्रतिनिधियों के बीच असंतोष अब खुलकर सामने आ गया है। पंचायत के चार वार्ड सदस्यों ने विकास योजनाओं में लगातार अनदेखी और भेदभाव का आरोप लगाते हुए सामूहिक रूप से अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। सभी ने अपना इस्तीफा पत्र प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को सौंपा है।
चार वार्ड सदस्यों ने दिया सामूहिक इस्तीफा
इस्तीफा देने वालों में वार्ड संख्या-2 के गोपाल गुप्ता, वार्ड संख्या-3 के बृजेश कुमार, वार्ड संख्या-4 के चंद्रशेखर चौधरी तथा वार्ड संख्या-11 की सीमा देवी शामिल हैं। बीडीओ को सौंपे गए इस्तीफा पत्र में सदस्यों ने आरोप लगाया है कि पिछले पांच वर्षों के दौरान उनके वार्डों में कोई महत्वपूर्ण विकास योजना धरातल पर नहीं उतारी गई। विशेषकर दलित एवं अल्पसंख्यक समुदाय के मोहल्लों में विकास कार्यों की लगातार उपेक्षा की गई है। अधिक जानकारी के लिए बिहार सरकार की आधिकारिक वेबसाइट देख सकते हैं।
विकास कार्यों में अनदेखी और अधिकारियों पर पक्षपात का आरोप
सदस्यों ने योजनाओं के क्रियान्वयन में अधिकारियों पर पक्षपात करने का भी गंभीर आरोप लगाया है। वार्ड सदस्यों ने जलनिकासी की गंभीर समस्या को भी इस्तीफे की प्रमुख वजह बताया है। उनका कहना है कि एसएच-55 के पश्चिमी हिस्से में बसे मोहल्लों के पानी की निकासी पूर्व दिशा की ओर होती है। लेकिन एसएच-55 के बाईं ओर बने नाले की लंबे समय से उड़ाही नहीं होने के कारण पानी की निकासी बाधित है।
जलजमाव और उपेक्षा से बढ़ी नाराजगी
नतीजतन, बरसात के मौसम में ही नहीं, बल्कि सालोंभर मोहल्ले में जलजमाव की स्थिति बनी रहती है। सदस्यों का आरोप है कि इस समस्या के समाधान और जरूरी विकास योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए कई बार अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन हर बार उनकी मांगों को नजरअंदाज कर दिया गया। इसका राजनीतिक खामियाजा उन्हें अपने क्षेत्र के लोगों के बीच भुगतना पड़ रहा है। वार्ड सदस्यों ने कहा कि लगातार उपेक्षा और भेदभाव से क्षुब्ध होकर उन्होंने सामूहिक इस्तीफा देने का निर्णय लिया है। चार वार्ड सदस्यों के इस कदम से पंचायत की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। अब देखना होगा कि प्रखंड प्रशासन इस सामूहिक इस्तीफे पर क्या रुख अपनाता है और वार्डों की विकास संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए क्या कदम उठाता है।





