रांची: झारखंड में छात्रों के आंदोलन के बीच बड़ी खबर सामने आई है। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) के पूर्व चेयरमैन एल. खियांग्ते को गिरफ्तार कर लिया गया है। CID ने यह कार्रवाई की है। यह गिरफ्तारी JPSC की 14वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा (PT) में कथित गड़बड़ियों की जांच के दौरान हुई है।
बता दें कि इस परीक्षा के रिजल्ट को लेकर छात्र लगातार सवाल उठा रहे हैं। इसे लेकर छात्रों का आंदोलन भी चल रहा है। JPSC की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा है। मामले की जांच CID कर रही है। जांच के दौरान CID की टीम ने JPSC मुख्यालय में छापेमारी भी की थी।
छापेमारी के बाद मामले को लेकर चर्चा और तेज हो गई थी। राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी इसे लेकर हलचल बढ़ गई थी। अब पूर्व चेयरमैन की गिरफ्तारी के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
जांच के बीच दिया था इस्तीफा
एल. खियांग्ते ने हाल ही में जेपीएससी के चेयरमैन पद से इस्तीफा दिया था। उन्होंने ई-मेल के जरिए अपना इस्तीफा राजभवन भेजा था। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया था। उनका इस्तीफा ऐसे समय आया था, जब 14वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम को लेकर विवाद चल रहा था. छात्रों ने परीक्षा के परिणाम में कथित गड़बड़ियों का आरोप लगाया था। इसे लेकर छात्र लगातार आंदोलन भी कर रहे हैं।



