नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में यात्रा करने वाले मेट्रो यात्रियों के लिए अहम खबर है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने सुरक्षा कारणों से शहर के 16 मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद रखने का फैसला किया है। इन स्टेशनों पर यात्रियों की एंट्री और एग्जिट पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
डीएमआरसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि राजीव चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशनों पर केवल इंटरचेंज (लाइन बदलने) की सुविधा उपलब्ध रहेगी। यात्री इन स्टेशनों से दूसरी लाइन में जा सकेंगे, लेकिन स्टेशन के बाहर निकलने या अंदर प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी।
अगले आदेश तक बंद किए गए स्टेशनों में लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम शामिल हैं।
डीएमआरसी ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले मेट्रो सेवाओं की ताजा जानकारी जरूर जांच लें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।



