*मतदाता सूची अपडेट कराने का अंतिम दौर,
*30 सितंबर तक दावा-आपत्ति का मौका, CEO के. रवि कुमार ने की समय रहते प्रक्रिया पूरी करने की अपील*
*राँची।* झारखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाता सूची को अपडेट कराने का अंतिम दौर जारी है। मतदाता सूची में नया नाम जोड़ने, किसी प्रकार की आपत्ति दर्ज कराने, त्रुटियों में सुधार, नाम विलोपित कराने अथवा पते में स्थानांतरण कराने के लिए अब केवल छह दिन शेष रह गए हैं। राज्य में दावा-आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि 30 सितंबर निर्धारित की गई है। इसे लेकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी *(CEO) के. रवि कुमार* ने योग्य नागरिकों से अपील की है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना समय रहते अपनी प्रक्रिया पूरी कर लें।
*नाम और विवरण की जांच करना जरूरी*
SIR के दौरान मतदाताओं को अपनी मतदाता सूची में दर्ज नाम एवं अन्य विवरणों की जांच करने का अवसर दिया जा रहा है। यदि किसी मतदाता का नाम छूट गया है, विवरण में त्रुटि है या नाम-पता संबंधी किसी प्रकार का बदलाव आवश्यक है, तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावा या आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।
*30 सितंबर के बाद नहीं मिलेगा दावा-आपत्ति का यह मौका*
निर्धारित समय सीमा समाप्त होने से पहले योग्य नागरिकों को संबंधित प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है। निर्वाचन विभाग ने भी लोगों से अपील की है कि अंतिम दिनों की भीड़ और किसी संभावित परेशानी से बचने के लिए जल्द से जल्द अपना दावा या आपत्ति दर्ज कराएं।



