चेरियाबरियारपुर: बेगूसराय जिले के चेरियाबरियारपुर थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। नागमणि महतो गैंग के सक्रिय शार्प शूटर अमरजीत सहनी को लोडेड देसी बंदूक के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से इलाके में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की साजिश नाकाम हो गई। थानाध्यक्ष ज्योति कुमार बासु के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने बसही पंचायत के बनिया गाछी इलाके की घेराबंदी कर यह सफलता हासिल की।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
थानाध्यक्ष ज्योति कुमार बासु को गुप्त सूचना मिली थी कि बनिया गाछी इलाके में कुछ अपराधी हथियार के साथ जमा हुए हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना की पुष्टि करते ही थानाध्यक्ष ने तत्काल एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने पूरे बनिया गाछी इलाके की घेराबंदी कर सघन छापेमारी शुरू की। पुलिस को आता देख अन्य अपराधी घने पेड़ों का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहे, लेकिन अमरजीत सहनी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
नागमणि महतो गैंग से जुड़ा है अमरजीत सहनी
गिरफ्तार अपराधी की पहचान राजेन्द्र सहनी के पुत्र अमरजीत सहनी के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक लोडेड देसी बंदूक बरामद हुई। थानाध्यक्ष ने बताया कि अमरजीत बेहद शातिर अपराधी है और उसका सीधा कनेक्शन जिले के कुख्यात अपराधी नागमणि महतो गैंग से जुड़ा हुआ है। वह गैंग के लिए हथियार सप्लाई और लाइनर का काम करता था। पुलिस सूत्रों के अनुसार नागमणि महतो के जेल से निकलने के बाद उसका गैंग फिर से सक्रिय हो गया है।
रंगदारी और जमीन कब्जे का नेटवर्क
स्थानीय लोगों में चर्चा है कि बसही, मंझौल और चेरिया इलाके में रंगदारी, जमीन कब्जा और आर्म्स सप्लाई का नेटवर्क अभी भी नागमणि महतो के इशारे पर चल रहा है। गिरफ्तार अमरजीत इसी नेटवर्क की अहम कड़ी माना जा रहा है। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी के आपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है। पूछताछ में कई अहम सुराग मिले हैं, जिसके आधार पर फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
गैंग के नेटवर्क को ध्वस्त करने का अभियान तेज
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही पूरे गैंग के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए अभियान तेज कर दिया गया है। पुलिस अमरजीत के अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यशैली की सराहना की है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए पुलिस लगातार गश्ती और संदिग्धों पर नजर रख रही है।
बेगूसराय में अपराध पर लगाम की कवायद
बेगूसराय जिला पुलिस अपराध नियंत्रण के लिए लगातार विशेष अभियान चला रही है। हाल के महीनों में कई कुख्यात अपराधियों की गिरफ्तारी हुई है। बेगूसराय जिले में संगठित अपराध पर अंकुश लगाने के लिए एसपी के निर्देश पर सभी थानों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। चेरियाबरियारपुर थाना की इस कार्रवाई को इसी कड़ी का हिस्सा माना जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नागमणि महतो गैंग के सदस्यों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही अन्य फरार अपराधी भी सलाखों के पीछे होंगे। आम लोगों से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।



