बेगूसराय: जिले में अवैध एवं नकली उर्वरक के निर्माण, भंडारण और बिक्री के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की गई है। कृषि विभाग की टीम ने आज सुबह साहेबपुर कमाल प्रखंड में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध सामग्री बरामद की है। गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई बेगूसराय-खगड़िया सीमा के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-31 के निकट हिराटोल एवं रघुनाथपुर करारी इलाके में की गई।
सूचना के सत्यापन के लिए जिला कृषि पदाधिकारी, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक एवं किसान सलाहकार सहित कृषि विभाग की पूरी टीम पुलिस बल एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी के साथ मौके पर पहुंची। जांच के दौरान संबंधित परिसर में ताला बंद पाया गया, जिसे विधिसम्मत कार्रवाई के तहत खुलवाकर सघन जांच की गई।
नकली उर्वरक खाद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई और जब्ती
छापेमारी के दौरान मौके से लगभग 700 बोरा अवैध उर्वरक, 5 किलोग्राम के 500 बोरा जिंक, 300 खाली बोरा तथा उर्वरक निर्माण एवं पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाले रंग सहित अन्य सामग्री बड़ी मात्रा में जब्त की गई। इस संबंध में कृषि विभाग की आधिकारिक जानकारी आप बिहार सरकार की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।
जब्त उर्वरकों के नमूने संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जाएंगे, ताकि उनकी गुणवत्ता एवं वास्तविक प्रकृति का पता लगाया जा सके। इस मामले में संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है। साथ ही, मामले की गहन जांच करते हुए अवैध उर्वरक निर्माण एवं भंडारण में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की आगे की योजना
जिला कृषि पदाधिकारी ने इस कार्रवाई में सक्रिय भूमिका निभाने वाले अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, बलिया श्री बिपिन कुमार एवं साहेबपुर कमाल की पूरी कृषि टीम के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें विशेष धन्यवाद दिया। जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण एवं मानक के अनुरूप उर्वरक उपलब्ध कराने तथा नकली एवं अवैध उर्वरक के कारोबार पर रोक लगाने के लिए कृषि विभाग द्वारा अभियान आगे भी जारी रहेगा।





