70वीं राष्ट्रीय स्कूली ताइक्वांडो खेल प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीमों का झारखंड आगमन शुरू
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग झारखंड अंतर्गत, झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद रांची के मेजबानी में 70वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता 2026–27 के अंतर्गत आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्कूली ताइक्वांडो प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए मंगलवार अहले सुबह से विभिन्न राज्यों की टीमों का झारखंड आगमन शुरू हो गया है। पहले दिन दिल्ली, गोवा, गुजरात एवं उत्तराखंड की टीमों के आगमन के साथ स्वागत कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
‘अतिथि देवो भवः’ की भावना के अनुरूप झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से राँची एवं हटिया रेलवे स्टेशन पर खिलाड़ियों और टीम कोच ,मैनेजर का स्वागत राज्य की समृद्ध लोक-संस्कृति एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ किया जा रहा है। तिलक लगाकर, लोटा-पानी से परघना (पारंपरिक स्वागत) तथा झारखंडी पारंपरिक ‘पढ़िया’ के माध्यम से अतिथियों का अभिनंदन किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले प्रतिभागियों को झारखंड की सांस्कृतिक पहचान से परिचित कराना और उन्हें अपनत्व का अनुभव कराना है। विभाग द्वारा उनके आवागमन एवं आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 26 से 30 नवंबर तक खेलगाँव स्थित मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के गणपत राय इंडोर स्टेडियम में अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग की राष्ट्रीय स्कूली ताइक्वांडो प्रतियोगिता आयोजित होगी।
उल्लेखनीय है कि स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ने सत्र 2026–27 में झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद को आठ खेल विधाओं में 70वीं राष्ट्रीय विद्यालय खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी का दायित्व सौंपा है। इस आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों एवं खेल इकाइयों के हजारों खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
झारखंड इस अवसर को खेल उत्कृष्टता के साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत, परंपरा और विशिष्ट मेहमाननवाजी को राष्ट्रीय पटल पर प्रस्तुत करने के महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देख रहा है।





