बरौनी: बिहार के बेगूसराय जिले के बरौनी सिमरिया रेल खंड पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। कान में एयर फोन लगाकर रेलवे ट्रैक पार कर रहे एक युवक की चलती ट्रेन की चपेट में आने से इलाज के दौरान मौत हो गई है। यह घटना गुरुवार की शाम की है, जिससे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक घायल युवक की पहचान बारो गाछी टोला वार्ड 27 निवासी गंगा राम साह के 24 वर्षीय पुत्र साहुल कुमार साह के रूप में हुई है। घटना के समय गढहरा स्थित रेलवे छह नंबर गुमटी बंद थी। बताया जा रहा है कि युवक मोबाइल फोन पर व्यस्त था और उसने कान में एयरफोन लगा रखा था।
कान में एयर फोन लगाए युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब युवक ट्रैक पार कर रहा था, तब पीछे से आ रही ट्रेन को लेकर लोगों ने उसे कई बार रुकने के लिए आवाज दी। लेकिन, कान में एयरफोन होने के कारण वह किसी की आवाज नहीं सुन पाया और तब तक वह ट्रेन की चपेट में आ चुका था। इस भीषण हादसे में उसका एक पैर और एक हाथ कट गया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था।
घटना के संबंध में जीआरपी इंस्पेक्टर मनीष कुमार ने बताया कि गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय ले जाया गया था। जहां शुक्रवार की सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए रेल परिचालन भी प्रभावित हुआ। स्थानीय लोगों के अनुसार इस घटना के कारण उक्त रूट पर लगभग आधा घंटा तक रेल परिचालन बाधित रहा। रेलवे प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि पटरी पार करते समय पूरी सतर्कता बरतें और मोबाइल या एयरफोन का इस्तेमाल बिल्कुल न करें।


