बछवाड़ा का युवक रितेश चौधरी ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉड में नाम दर्ज कराया
बछवाड़ा बेगुसराय
बछवाड़ा प्रखंड अंतर्गत गोधना गांव के लाल डॉ. रितेश चौधरी ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज किया है। उन्होंने महाराष्ट्र के सतारा में हुई हिल हाफ मैराथन में यह उपलब्धि हासिल की। इस सफलता से गांव में खुशी का माहौल है।उन्होंने सतारा रनर्स फाउंडेशन द्वारा आयोजित 6 सितंबर को 15वीं पुनीत बालन ग्रुप सतारा हिल हाफ मैराथन में हिस्सा लिया था। जिसमें 7,839 धावकों ने भाग लिया और रितेश ने 21.0975 किलोमीटर की दौड़ तय समय में पूरी की।जिसके बाद उन्हें गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स का आधिकारिक प्रमाण पत्र मिला। डॉ. रितेश चौधरी का जन्म गोधना गांव में शिक्षक रविन्द्र चौधरी के घर हुआ और उन्होंने अपनी शिक्षा-दीक्षा गांव के ही विद्यालय से प्राप्त कर बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में पीएचडी की है और कई कंपनियों में काम किया है। जीवन में व्यस्तता के बावजूद उन्होंने अपनी फिटनेस बनाए रखी और इस मुकाम को हासिल किया।
उनकी यह उपलब्धि उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो ग्रामीण परिवेश से निकलकर शिक्षा, करियर और खेल के क्षेत्र में कुछ अलग करने का सपना देखते हैं।डॉ. रितेश चौधरी की इस उपलब्धि से उनके परिवार, शुभचिंतकों और गोधना गांव के लोगों में खुशी का माहौल है। गांव के एक बेटे का नाम अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड से जुड़ना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।
गोधना की गलियों से शुरू हुआ डॉ. रितेश चौधरी का सफर आज एक प्रेरणादायक मिसाल बनकर सामने आया है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि छोटे गांवों में जन्म लेने वालों के सपने भी बड़े हो सकते हैं और मेहनत व संकल्प के बल पर उन्हें साकार किया जा सकता है।डॉ. रितेश चौधरी की यह उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि गोधना गांव की पहचान और गौरव से जुड़ा एक यादगार क्षण है।



