बेगूसराय: बेगूसराय के बछवाड़ा प्रखंड में जमींदारी बांध टूटा जिससे रानी तीन पंचायत के रानी गांव में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण बाया नदी पर बने रिंग बांध और जमींदारी बांध का करीब 30 मीटर हिस्सा रविवार देर रात तेज बहाव में बह गया।
प्रखंड क्षेत्र में गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि होने से बाया नदी पर बने रिंग बांध और जमींदारी बांध पर दबाव काफी बढ़ गया था। बेगमसराय और झमटिया गांव के बीच जमींदारी बांध रविवार की देर रात अचानक रिंग बांध में नीचे से रिसाव के कारण करीब 30 मीटर का हिस्सा तेज बहाव में बह गया। ग्रामीणों ने बताया कि बांध के किनारे एक तार का पेड़ लगा हुआ था। तार के पेड़ के बगल में बहुत बड़ा गड्ढा था जिसमें पानी जमा रहने के कारण देर रात अचानक तार का पेड़ गिर गया और पेड़ की जड़ बांध की मिट्टी को भी खींच ले गई। जिस कारण वहीं से पानी का रिसाव होने लगा और देखते ही देखते पानी बांध की मिट्टी को तेज बहाव में काटते हुए करीब 30 मीटर तक बांध को अपनी चपेट में ले लिया।
जमींदारी बांध टूटा: प्रशासन ने शुरू की युद्धस्तर पर मरम्मत
बांध टूटने की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों के लोगों में अफरातफरी मच गई। लोग टूटे बांध को देखने के लिए पहुंचने लगे। स्थानीय प्रशासन और फ्लड विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और बांध की मरम्मत का कार्य शुरू किया गया। बाढ़ नियंत्रण विभाग को सूचना लगते ही कर्मियों को लगाकर तुरंत बांध के बहाव को रोकने की कोशिश शुरू कर दी गई। लोगों ने पेड़-पौधे काटकर बहाव को कम करने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण पानी रुकने का नाम नहीं ले रहा था। बाद में प्रशासन और बाढ़ नियंत्रण विभाग के द्वारा युद्ध स्तर पर नाव और ट्रैक्टर से मिट्टी का बोरा भरकर टूटे बांध की मरम्मती का कार्य शुरू किया गया।
बताते चलें कि गंगा-बाया नदी के किनारे गोधना पंचायत से लेकर दादुपुर पंचायत के बीच करीब 7 किलोमीटर जमींदारी बांध बना हुआ है। इस बांध के टूटने से सैकड़ों एकड़ में लगी फसल डूब गई है। वहीं रानी गांव पर बाढ़ का खतरा उत्पन्न हो गया है। हालांकि निचले इलाकों के घरों में पानी प्रवेश कर रहा है और गुप्ता लख्मीनिया बांध पर भी पानी का दबाव बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द इस जमींदारी बांध को ठीक करने की मांग की है ताकि गुप्ता लख्मीनिया बांध पर पानी का दबाव घट सके।
बांध टूटने की सूचना पर जिलाधिकारी रिची पाण्डेय ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बताया कि बछवाड़ा प्रखंड अंतर्गत रानी एक और दो पंचायत के समीप गंगा नदी पर बने तटबंध क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिली। जिसके बाद जलसंसाधन व स्थानीय पदाधिकारी के द्वारा चीफ इंजीनियर के निगरानी में तटबंध मरम्मती का कार्य किया जा रहा है। जल्द से जल्द बांध की मरम्मती का कार्य संपन्न किया जाएगा। साथ ही स्थानीय पदाधिकारी के द्वारा बांध का निरीक्षण किया जाएगा, जिससे भविष्य में इस प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो, साथ ही जान-माल की क्षति से लोगों को सुरक्षित रखा जा सके। अधिक जानकारी के लिए बेगूसराय जिले की आधिकारिक जानकारी देखी जा सकती है।
बेगूसराय जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष एवं बछवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी शिव प्रकाश गरीब दास ने कहा कि तटबंध टूटने से गांवों में पानी प्रवेश कर रहा है तथा किसानों की खड़ी फसल बर्बाद होने के कगार पर है। यह केवल प्राकृतिक आपदा नहीं, बल्कि तटबंधों के समय पर निरीक्षण, रखरखाव एवं सुदृढ़ीकरण में हुई जल संसाधन विभाग की कथित लापरवाही का गंभीर परिणाम है। उन्होंने कहा कि यदि गंगा-बाया नदी के तटबंध का समय पर निरीक्षण, मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कराया गया होता, तो आज बछवाड़ा के ग्रामीणों और किसानों को इस भयावह स्थिति का सामना नहीं करना पड़ता। प्रशासन अब पूरी मुस्तैदी से बांध मरम्मत और राहत कार्य में जुटा हुआ है।



