चतरा में ब्राउन शुगर तस्करी का भंडाफोड़
*एसपी को मिली गुप्त सूचना पर गिद्धौर पुलिस की कार्रवाई, सलीमपुर मोड़ पर एंटी क्राइम चेकिंग में पकड़ा गया आरोपी, NDPS एक्ट में भेजा गया जेल*
*चतरा -* जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गिद्धौर थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने ब्राउन शुगर की तस्करी करने जा रहे एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 20.98 ग्राम ब्राउन शुगर, नगद, मोबाइल और बाइक जब्त की गई है।
*ऐसे मिली सफलता -*
पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार आज दिनांक 29.09.2026 को सुबह पुलिस अधीक्षक चतरा को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति काले रंग की अपाची मोटरसाइकिल से ब्राउन शुगर की खेप लेकर चतरा-हजारीबाग मुख्य सड़क से हजारीबाग की ओर बिक्री के लिए जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अंचलाधिकारी गिद्धौर अनन्त शयनम विश्वकर्मा एवं पु०नि० सदर अंचल बिरेन्द्र हांसदा के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया। दल ने गिद्धौर थाना क्षेत्र के सलीमपुर मोड़ के पास सशस्त्र बल के साथ एंटी क्राइम वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया।चेकिंग के दौरान चतरा की ओर से आ रही काली अपाची बाइक को रोककर तलाशी ली गई तो पेवसा गांव जाने वाली ग्रामीण सड़क के पास पकड़े गए युवक के पास से नशीला पदार्थ बरामद हुआ।
*गिरफ्तार आरोपी की पहचान -*
पकड़े गए युवक ने अपना नाम निराला कुमार, उम्र 19 वर्ष, पिता अनिल कुमार दांगी, ग्राम लोवागढ़ा, थाना सदर, जिला चतरा बताया। तलाशी के दौरान उसके पास बरामद i-Phone 15 मोबाइल में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री से संबंधित चैटिंग मिली। साथ ही 20.98 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ,काले रंग का पर्स, जिसमें 500-500 के 31 नोट कुल 15,500 रुपये,एक सिल्वर चेन,सहित तस्करी के लिए उपयोग में लाए जाने वाले अपाची मोटरसाइकिल संख्या- JH13M- 1169 भी जप्त कर लिया गया है।
इस संबंध में गिद्धौर थाना में कांड संख्या 94/26, दिनांक 29.09.2026, धारा 17(b)/21(b)/22(b)/27(a)/28/29 NDPS Act के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।



