चतरा: मंजिलें उन्हीं को मिलती हैं, जिनके सपनों में जान होती है… इस कहावत को चतरा जिले के डहुरी गांव निवासी उमेश यादव की होनहार पुत्री और मरमदिरी हाई स्कूल की छात्रा श्रेया कुमारी ने सच कर दिखाया है। अपनी कड़ी मेहनत और लगन के दम पर श्रेया का चयन 52वीं जूनियर नेशनल कबड्डी चैंपियनशिप के लिए झारखंड राज्य की टीम में हुआ है। यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता आगामी 26 से 29 नवंबर तक फरीदकोट (पंजाब) में आयोजित होने जा रही है, जहां श्रेया झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से परिवार, विद्यालय और पूरे जिले में खुशी की लहर है।
कोच और स्कूल प्रबंधन के सहयोग से जारी रहा अभ्यास
श्रेया की इस सफलता के पीछे उनके कोच निर्भय कुमार का बड़ा योगदान है, जो बच्चों को निःशुल्क कबड्डी की बारीकियां सिखाते हैं। अपनी खुशी जाहिर करते हुए श्रेया कुमारी ने कहा, “मैं बहुत खुश हूं कि मेरा चयन जूनियर नेशनल में हुआ है। मेरे कोच निर्भय भैया हमारे लिए बहुत मेहनत करते हैं।”
जिले में कबड्डी ग्राउंड नहीं होने के कारण अभ्यास की बड़ी समस्या थी, लेकिन उन्होंने रामेश्वर लाल खंडेलवाल स्कूल के प्राचार्य से विशेष अनुमति ली ताकि हमारी प्रैक्टिस रुक न सके। निर्भय भैया वहां शारीरिक शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं और स्कूल के प्राचार्य सर भी बहुत सहयोगी हैं, जिन्होंने हमें अभ्यास के लिए जगह उपलब्ध कराई।
हर साल 15-20 खिलाड़ी खेलते हैं नेशनल, ग्राउंड की कमी बन रही बाधा
पहले स्टेडियम के सामने स्थित कॉलेज ग्राउंड ही खिलाड़ियों के अभ्यास का एकमात्र सहारा था, लेकिन वहां अब मूवी थिएटर का निर्माण हो जाने से खिलाड़ियों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
इस विषय पर चतरा कबड्डी टीम के कोच निर्भय कुमार ने कहा, “मैं हर साल चतरा के 15 से 20 खिलाड़ियों को नेशनल लेवल तक ले जाता हूं, लेकिन अब अपना कबड्डी ग्राउंड नहीं होने की वजह से अभ्यास कराने में काफी मुश्किलें आ रही हैं। मैं जिला प्रशासन से मदद करने का अनुरोध करता हूं कि हमें एक स्थायी ग्राउंड उपलब्ध कराया जाए, ताकि मैं इन होनहार खिलाड़ियों को न केवल नेशनल, बल्कि इंटरनेशनल स्तर पर भी खिला सकूं।” खेल जगत की अधिक जानकारी के लिए जागरण की वेबसाइट पर विजिट कर सकते हैं।
प्रशासन से गुहार
खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों का कहना है कि स्थायी कबड्डी ग्राउंड उपलब्ध कराने को लेकर कई बार जिला खेल पदाधिकारी और उपायुक्त को आवेदन दिया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। स्थानीय खेल प्रेमियों, ग्रामीणों और विद्यालय परिवार ने जिला प्रशासन से पुरजोर अनुरोध किया है कि जिले में जल्द से जल्द एक स्थायी ग्राउंड उपलब्ध कराकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया जाए।



