ग्राहक बनकर पहुंची उत्पाद विभाग की टीम, शराब तस्करी में सरपंच गिरफ्तारएक बोतल विदेशी शराब के लिए फोन-पे से भेजे गए 1600 रुपये, सहयोगी युवक भी गिरफ्तार
चेरिया बरियारपुर। बेगूसराय
उत्पाद विभाग की टीम ने सोमवार की शाम सकरबासा पंचायत मेंब कार्रवाई करते हुए कथित शराब तस्करी के मामले में पंचायत के वर्तमान सरपंच श्यामल कुमार पासवान को गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ एक अन्य युवक मनीष कुमार पासवान को भी गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई उत्पाद थाना मंझौल की पुलिस ने दरोगा सिंपी कुमारी के नेतृत्व में की। इस दौरान पुलिस ने श्यामल कुमार पासवान की स्कूटी भी जब्त की है।
जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग की टीम ने शराब बिक्री की सूचना पर ग्राहक बनकर सरपंच से संपर्क किया। सोमवार की शाम करीब सात बजे टीम के एक सदस्य ने ग्राहक बनकर शराब खरीदने की बात कही। इसके बाद श्यामल कुमार पासवान शराब लेकर वहां पहुंचा। कथित तौर पर एक बोतल विदेशी शराब के बदले करीब 1600 रुपये फोन-पे के माध्यम से उसके मोबाइल पर भेजे गए। राशि ट्रांसफर होने के बाद उत्पाद विभाग की टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।कार्रवाई के दौरान उसके साथ मौजूद मनीष कुमार पासवान को भी टीम ने गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद दोनों को उत्पाद थाना मंझौल ले जाया गया। पुलिस ने शराब तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी को भी जब्त किया है। उत्पाद विभाग की टीम गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



