झारखंड विधानसभा की पर्यावरण एवं प्रदूषण नियंत्रण समिति ने चतरा में पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों की समीक्षा की
सभापति श्री उदय शंकर उर्फ चुन्ना सिंह की अध्यक्षता में बैठक, खनन, क्रशर संचालन एवं अपशिष्ट प्रबंधन में निर्धारित मानकों के अनुपालन पर जोर
झारखंड विधानसभा की पर्यावरण एवं प्रदूषण नियंत्रण समिति के सभापति श्री उदय शंकर उर्फ चुन्ना सिंह के नेतृत्व में समिति के सदस्यों का 28 अक्टूबर 2026 की संध्या चतरा परिसदन में आगमन हुआ। इस अवसर पर उपायुक्त श्री रवि आनंद ने सभापति एवं समिति के सदस्यों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके उपरांत 29 अक्टूबर 2026 को परिसदन भवन के सभागार में सभापति श्री उदय शंकर सिंह की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के माननीय सदस्य एवं पोटका विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री संजीव सरदार तथा चतरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री जनार्दन पासवान उपस्थित रहे।
बैठक में जिले में पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण तथा संबंधित नियमों के अनुपालन की स्थिति की समीक्षा की गई। समिति ने विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों से उनके स्तर पर किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की तथा पर्यावरणीय मानकों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
खनन गतिविधियों एवं क्रशर इकाइयों के संचालन से संबंधित विषयों की समीक्षा करते हुए निर्धारित पर्यावरणीय मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा प्रदूषण नियंत्रण के लिए आवश्यक उपाय अपनाने पर बल दिया गया। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई। वन संरक्षण के संदर्भ में पौधरोपण, प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा तथा लगाए गए पौधों के उचित रखरखाव के महत्व पर जोर दिया गया।
बैठक में जैव चिकित्सा अपशिष्ट के सुरक्षित प्रबंधन एवं निस्तारण तथा ठोस कचरे के व्यवस्थित निपटान से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। संबंधित विभागों को अपशिष्ट प्रबंधन में निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने तथा स्वच्छता एवं जनस्वास्थ्य से जुड़े पहलुओं पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
इसके अतिरिक्त वाहनों से होने वाले प्रदूषण की रोकथाम, वाहनों की जांच तथा परिवहन संबंधी पर्यावरणीय मानकों के अनुपालन पर चर्चा की गई। समिति ने संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी, उत्तरी वन प्रमंडल, श्री राहुल मीणा, अपर समाहर्ता श्री अरविंद कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री दिलीप कुमार, जिला खनन पदाधिकारी श्री मनोज टोप्पो, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्रीमती कंचन कुमारी, जिला शिक्षा अधीक्षक श्री रामजी कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थें।



