रांची: झारखंड के रांची जिले के बेड़ो थाना क्षेत्र के नरकोपी स्थित बोबरो गांव के सिया टोली में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां मानसिक रूप से अस्वस्थ एक पिता ने अपने ही 17 वर्षीय बेटे की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि वारदात के समय बेटा घर में सो रहा था। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। अधिक जानकारी के लिए दैनिक भास्कर पर जा सकते हैं।
मानसिक रूप से अस्वस्थ पिता ने की बेटे की हत्या
जानकारी के मुताबिक, आरोपी पिता देवनाथ उरांव की मानसिक स्थिति लंबे समय से ठीक नहीं थी और वह अक्सर घर से भागने की कोशिश करता था। ऐसे में पिता किसी अप्रिय घटना को अंजाम न दे दे, इसलिए उसके 17 वर्षीय बेटे नितेश उरांव ने उसे घर में बंद रखता था।
सोते समय किया गया कुल्हाड़ी से वार
सोमवार की सुबह करीब चार बजे जब नितेश गहरी नींद में सो रहा था, तब मानसिक रूप से विक्षिप्त पिता ने बिस्तर पर सोए बेटे के सिर पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घर में मौजूद मां जब तक दौड़कर मौके पर पहुंचती, तब तक बहुत देर हो चुकी थी और इकलौते बेटे की लाश खून से लथपथ पड़ी थी। इस घटना के बाद से मां का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में मातम व शोक का माहौल छाया हुआ है।



