दिनकर ग्राम सिमरिया रेलवे स्टेशन (स्टेशन कोड – DKGS) पर महत्वपूर्ण एक्सप्रेस गाड़ियों के ठहराव
बेगुसराय
मंडल रेल प्रबंधक सोनपुर आपके कुशल नेतृत्व में दिनकर ग्राम सिमरिया रेलवे स्टेशन का क्रांतिकारी विकास हुआ है। इस विकास से बेगूसराय जिला सहित पूरे क्षेत्र की जनता लाभान्वित हो रही है। साथ ही सिमरिया घाट से सिमरिया धाम बनने की प्रक्रिया में इस स्टेशन का विस्तार निश्चित रूप से मील का पत्थर साबित हो रहा है, जिसके लिए हम सभी क्षेत्रवासी आपके आभारी हैं।
परंतु स्टेशन के विकास के बावजूद कुछ मूलभूत कठिनाइयाँ बनी हुई हैं, जिनकी ओर आपका ध्यान आकृष्ट करना चाहता हूँ :-
1. महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव के संबंध में:
दिनकर ग्राम सिमरिया स्टेशन के आस-पास लगभग ढाई लाख की आबादी निवास करती है। यहाँ कई महत्वपूर्ण एक्सप्रेस गाड़ियाँ बिना रुके निकल जाती हैं, जिससे यात्रियों को विवश होकर 20-25 किमी दूर बरौनी जं. या हाथीदह जं. जाना पड़ता है। जनहित में निम्नलिखित गाड़ियों के ठहराव की नितांत आवश्यकता है –
A. कोशी एक्सप्रेस (18625/18626) – अप/डाउन
B. कटिहार – पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस – अप/डाउन
C. बलिया – सियालदह एक्सप्रेस (13105/13106) – अप/डाउन
D. गुवाहाटी एक्सप्रेस (वाराणसी/गया – गुवाहाटी) – अप/डाउन
E. बागमती एक्सप्रेस (12577/12578) – अप/डाउन
F. सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस (15483/15484) – अप/डाउन
इन गाड़ियों का 2 मिनट का ठहराव प्रदान करने से रेल राजस्व में भी वृद्धि होगी और आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी।
2. टिकट काउंटर के स्थानांतरण या अतिरिक्त निर्माण के संबंध में:
वर्तमान में टिकट काउंटर स्टेशन के ठीक मध्य में स्थित है, जिसके कारण पश्चिमी छोर से आने वाले यात्रियों को टिकट लेने में अत्यधिक परेशानी होती है। यदि टिकट काउंटर को स्टेशन के पश्चिमी भाग में, सीढी और पायलट/गार्ड रेस्ट रूम के बीच नया निर्माण या स्थानांतरित कर दिया जाए, तो स्थानीय लोगों को सुविधा होगी और टिकट बिक्री बढ़ने से रेलवे को भी आर्थिक लाभ होगा।
3. संपर्क पथ के उच्चीकरण के संबंध में:
सिमरिया दक्षिण केबिन से चकिया थर्मल हॉल्ट संपर्क पथ का उच्चीकरण (ऊँचा करना) अति आवश्यक है। बरसात के दिनों में जल-जमाव के कारण यात्रियों को स्टेशन तक पहुँचने में कठिनाई होती है।अतः श्रीमान से विनम्र एवं सादर अनुरोध है कि उपरोक्त तीनों मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए, ट्रेनों के ठहराव, टिकट काउंटर के निर्माण/स्थानांतरण एवं संपर्क पथ के उच्चीकरण की कृपा प्रदान करें। इसके लिए हम सभी क्षेत्रवासी सदैव आपके आभारी रहेंगे।इस बात की जानकारी
रामानंद प्रसाद यादव
सचिव, किसलय फाउंडेशन
सिमरिया धाम, बेगूसराय ने दी



