मुंबई। भारतीय सिनेमा की प्रतिष्ठित फिल्मों को नई तकनीक के साथ दर्शकों तक पहुंचाने के लिए विदु विनोद चोपड़ा फिल्म्स और एनएच स्टूडियोज ने दीर्घकालिक वैश्विक साझेदारी की घोषणा की है। इस समझौते के तहत विदु विनोद चोपड़ा की पूरी फिल्म लाइब्रेरी को 8के रेजोल्यूशन में रिस्टोर और डॉल्बी 5.1 सराउंड साउंड के साथ रीमास्टर किया गया है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को पूरा होने में पांच साल से अधिक का समय लगा।
फिल्मों का रिस्टोरेशन मुंबई के प्रसाद फिल्म लैब्स और इटली के बोलोनिया स्थित एल’इमाजिने रित्रोवाता स्टूडियो में किया गया। खास बात यह है कि ये फिल्में 2026 की शुरुआत से किसी भी प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध नहीं थीं। अब इन्हें नई तकनीकी गुणवत्ता के साथ दोबारा दर्शकों के सामने पेश किया जाएगा।
इस साझेदारी के तहत ‘परिंदा’, ‘1942: ए लव स्टोरी’, ‘करीब’, ‘मिशन कश्मीर’, ‘मुन्ना भाई एम.बी.बी.एस.’, ‘परिणीता’, ‘लगे रहो मुन्ना भाई’, ‘एकलव्य’, ‘3 इडियट्स’, ‘फरारी की सवारी’, ‘ब्रोकन हॉर्सेज’, ‘वजीर’, ‘एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा’ और ‘शिकारा’ जैसी चर्चित फिल्मों के वैश्विक अधिकारों का प्रबंधन अब एनएच स्टूडियोज करेगा। पहले इन फिल्मों को सिनेमाघरों में दोबारा रिलीज किया जाएगा, जिसके बाद इन्हें टीवी, ओटीटी और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराया जाएगा।
एनएच स्टूडियोज के संस्थापक नरेंद्र हीरावत ने कहा कि विदु विनोद चोपड़ा की फिल्में भारतीय सिनेमा की धरोहर हैं। वहीं, विदु विनोद चोपड़ा ने भरोसा जताया कि 8के रिस्टोरेशन और बेहतर साउंड के साथ दर्शकों को इन क्लासिक फिल्मों का पहले से कहीं अधिक शानदार सिनेमाई अनुभव मिलेगा।



