खेलो झारखंड में फुटबॉल-वॉलीबॉल के रोमांचक मुकाबले शुरू, 1,344 खिलाड़ी ले रहे भाग
24 जिलों की टीमों के बीच मुकाबला, पहले चरण में जीत दर्ज कर विजेता टीमें दूसरे चक्र में पहुँचीं
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद्, राँची द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय खेलो झारखंड 2026–27 के अंतिम चरण में शुक्रवार को अंडर-17 बालक एवं बालिका वर्ग की फुटबॉल और वॉलीबॉल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ हुआ। फुटबॉल प्रतियोगिता की शुरुआत खेलगांव स्थित प्रैक्टिस ग्राउंड में राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी श्री धीरसेन ए. सोरेंग ने फुटबॉल में किक मारकर की।
प्रतियोगिता में 24 जिलों के कुल 1,344 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इनमें फुटबॉल के 768 और वॉलीबॉल के 576 खिलाड़ी शामिल हैं। खिलाड़ियों के साथ 192 कोच-मैनेजर भी उपस्थित हैं।
आज हुवे बालिका वर्ग के फुटबॉल मुकाबले खेलगांव प्रैक्टिस ग्राउंड तथा बालक वर्ग के मुकाबले कांके ग्राउंड में आयोजित किए गए। बालिका वर्ग में साहिबगंज ने बोकारो को 3-2, रामगढ़ ने पश्चिमी सिंहभूम को 2-0, पाकुड़ ने लोहरदगा को 3-2, दुमका ने गिरिडीह को 3-0, हजारीबाग ने देवघर को 2-0, सिमडेगा ने धनबाद को 3-0 तथा चतरा ने गोड्डा को 1-0 से हराया।
बालक वर्ग में गिरिडीह ने पश्चिमी सिंहभूम को 2-0, देवघर ने कोडरमा को 2-0, हजारीबाग ने बोकारो को 2-0 तथा साहिबगंज ने पलामू को 2-1 से पराजित किया। प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में गिरिडीह ने रामगढ़ को 2-0, देवघर ने गढ़वा को 3-0 तथा गुमला ने बोकारो को 4-3 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
वही वॉलीबॉल प्रतियोगिता हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम में आयोजित की गई। बालिका वर्ग में देवघर, धनबाद, गुमला, रामगढ़, बोकारो, गोड्डा, लोहरदगा, गढ़वा और चतरा की टीमों ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज की।
बालक वर्ग में चतरा, धनबाद, कोडरमा, गोड्डा, लातेहार, जामताड़ा, देवघर और हजारीबाग की टीमों ने जीत हासिल कर दूसरे चक्र में प्रवेश किया।



