आगामी धनतेरस एवम दीपावली पर शांति व्यवस्था बनाये रखने की अपील
बेगुसराय
आगामी धनतेरस (06 नवंबर 2026) एवं दीपावली (08 नवंबर 2026) पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक, बेगूसराय द्वारा संयुक्त आदेश जारी किया गया है। पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने, पटाखों के सुरक्षित उपयोग, अग्निशमन एवं स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रशासनिक एवं सुरक्षात्मक इंतजाम किए गए हैं।जिला पदाधिकारी द्वारा पटाखों के उपयोग के संबंध में माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेश एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। अधिक ध्वनि एवं वायु प्रदूषण फैलाने वाले लड़ी अथवा सीरीज वाले पटाखों के निर्माण, बिक्री एवं उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा। केवल निर्धारित मानकों के अनुरूप कम धुआं उत्सर्जित करने वाले अनुमोदित हरित पटाखों की ही बिक्री एवं उपयोग की अनुमति होगी। बेरियम नाइट्रेट, लिथियम, मरकरी, आर्सेनिक, लेड एवं एंटीमोनी युक्त पटाखों के निर्माण, भंडारण एवं क्रय-विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। ऑनलाइन ई-कॉमर्स वेबसाइटों के माध्यम से पटाखों की बिक्री भी प्रतिबंधित रहेगी। पटाखे फोड़ने की अनुमति केवल रात्रि 8 बजे से 10 बजे तक होगी। अस्पताल, शैक्षणिक संस्थान एवं न्यायालय परिसर जैसे साइलेंस जोन के 100 मीटर के दायरे में पटाखे फोड़ना प्रतिबंधित रहेगा। पटाखों की बिक्री केवल अधिकृत लाइसेंसधारी दुकानदारों द्वारा निर्धारित शर्तों के अनुरूप की जा सकेगी। बिना लाइसेंस पटाखों की बिक्री करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।धनतेरस के अवसर पर आभूषण एवं बर्तन की दुकानों सहित प्रमुख बाजारों में संभावित भीड़ को देखते हुए चोरी, छिनतई एवं अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रमुख बाजारों, मार्गों एवं चौराहों पर दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं सशस्त्र बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार पुलिस गश्ती तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।
दीपावली के दौरान संभावित अगलगी की घटनाओं से निपटने के लिए जिले के सभी पांचों अनुमंडलों में अग्निशमन वाहन चालकों एवं आवश्यक कर्मियों के साथ 24 घंटे अलर्ट मोड में रहेंगे। सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं सदर अस्पताल में चिकित्सकों तथा पैरामेडिकल कर्मियों की रोस्टरवार 24 घंटे उपस्थिति सुनिश्चित की गई है। आग से झुलसने वाले मरीजों के त्वरित उपचार के लिए आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं एवं एम्बुलेंस की समुचित व्यवस्था रखने का निर्देश दिया गया है।त्योहार के दौरान खोआ, मावा एवं मिठाइयों में मिलावट की रोकथाम के लिए खाद्य संरक्षा विभाग द्वारा दुकानों की नियमित जांच एवं छापेमारी की जाएगी। अवैध जुआ एवं द्यूत क्रीड़ा पर भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी। शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध उत्पाद विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा सघन जांच एवं छापेमारी अभियान चलाया जाएगा। इसके अतिरिक्त होटल एवं रेस्टोरेंट में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के अनधिकृत उपयोग की रोकथाम के लिए आपूर्ति विभाग द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा।
पर्व के दौरान किसी भी आपात स्थिति, सूचना अथवा शिकायत के त्वरित निष्पादन के लिए समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन के ऊपरी तल पर जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। यह नियंत्रण कक्ष 06 नवंबर से 08 नवंबर 2026 तक लगातार 24 घंटे कार्यरत रहेगा। जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 06243-222835 है। नियंत्रण कक्ष के वरीय प्रभारी के रूप में अपरसमाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री राजीव रोशन को नामित किया गया है। वहीं, विधि-व्यवस्था के वरीय प्रभारी अपर समाहर्ता श्री बृज किशोर चौधरी एवं पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) श्री निखिल कुमार बनाए गए हैं।
आपातकालीन स्थिति में अग्निशमन विभाग से संपर्क करने के लिए जिला अग्निशमन पदाधिकारी, बेगूसराय का मोबाइल नंबर 8102382018, अग्निशमन पदाधिकारी, मंझौल का 8083292446, बखरी का 8409393370, बलिया का 7250713311, बरौनी का 8252983842 तथा तेघड़ा का 9473473051 जारी किया गया है।जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से धनतेरस एवं दीपावली का पर्व आपसी भाईचारे, शांति एवं सद्भाव के साथ मनाने की अपील की है। साथ ही पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष या स्थानीय थाने को देने की अपील की गई है।



