पलामू में आतिथ्य और समारोह के लिए नई सौगात बना होटल मीरा स्क्वायर
चियांकी में वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर समेत कई जनप्रतिनिधियों ने किया उद्घाटन, आधुनिक कमरों से लेकर बैंक्वेट हॉल, लॉन और स्विमिंग पूल तक की सुविधाएं उपलब्ध
मेदिनीनगर (पलामू)।
पलामू में होटल और आतिथ्य के क्षेत्र में एक नई सुविधा जुड़ गई है। शहर के चियांकी स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे नवनिर्मित होटल मीरा स्क्वायर का भव्य उद्घाटन किया गया। वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, पलामू सांसद विष्णु दयाल राम, महापौर अरुणा शंकर और मीरा पांडेय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर होटल का उद्घाटन किया। इसके साथ ही यहां रेस्टोरेंट की सेवाएं भी शुरू हो गईं।
आधुनिक वास्तुशिल्प और सुविधाओं के साथ तैयार इस होटल में ठहरने के अलावा सामाजिक और व्यावसायिक आयोजनों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। शादी-विवाह, रिसेप्शन, पारिवारिक समारोह और अन्य कार्यक्रमों के आयोजन के लिए अलग-अलग श्रेणियों के बैंक्वेट हॉल और लॉन उपलब्ध हैं। होटल के टॉप फ्लोर पर स्विमिंग पूल बनाया गया है, जबकि बेसमेंट में एक साथ 30 चारपहिया वाहनों की पार्किंग की सुविधा दी गई है।
होटल के प्रबंध निदेशक अजय पांडेय ने बताया कि प्रथम और द्वितीय तल पर तीन श्रेणियों के बैंक्वेट हॉल तैयार किए गए हैं, ताकि आयोजन की प्रकृति और जरूरत के अनुसार स्थान उपलब्ध कराया जा सके। होटल के कमरे भी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हैं। आसपास पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण यहां ठहरने वाले लोगों को प्राकृतिक वातावरण का आनंद मिलेगा। उन्होंने बताया कि होटल में रेस्टोरेंट के माध्यम से भोजन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
उद्घाटन समारोह में वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर सांसद विष्णु दयाल राम, महापौर अरुणा शंकर, डिप्टी मेयर मनोज सिंह, भाजपा प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, जिला परिषद सदस्य संग्राम सिंह, लवली गुप्ता, डॉ. राजीव नयन, डायरेक्टर ब्रजेश कुमार शुक्ला, कृष्ण मोहन पांडेय, संजय पांडेय और होटल के जीएम दलेर सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।



