जमीन विवाद सुलझाने के लिए माओवादी बना संजय

जमीन विवाद सुलझाने के लिए माओवादी बना संजय

महाराष्ट्र के ठाणे से गिरफ्तार हुआ झारखंड-बिहार का 13 लाख का इनामी जोनल कमांडर, उसकी निशानदेही पर हुसैनाबाद के जंगल से राइफल और 290 कारतूस बरामद; एसपी कपिल चौधरी ने कहा- गलत रास्ते से नहीं, प्रशासन के सहयोग से सुलझाएं समस्याएं

मेदिनीनगर (पलामू)।

जमीन पर कब्जा पाने की चाहत में माओवादी संगठन का रास्ता चुनने वाले संजय यादव को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। करीब 15 वर्षों तक प्रतिबंधित माओवादी संगठन में सक्रिय रहने के बावजूद वह अपने जमीन विवाद का समाधान नहीं कर सका। झारखंड में 10 लाख और बिहार में तीन लाख रुपये के इनामी जोनल कमांडर संजय यादव उर्फ संजय गोदराम उर्फ बुधराम जी को महाराष्ट्र के ठाणे से गिरफ्तार किया गया है। उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने हुसैनाबाद के केमो-दुधिया जंगल से हथियारों और कारतूसों का जखीरा बरामद किया है।

बुधवार को पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि संजय यादव ठाणे में छिपकर रह रहा है। सूचना के आधार पर मुंबई की एटीए टीम ने उसे हिरासत में लिया। इसके बाद पलामू पुलिस की टीम महाराष्ट्र पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। सात नवंबर को ट्रांजिट रिमांड पर पलामू लाए जाने के बाद नौ नवंबर को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

रिमांड के दौरान मिली बड़ी सफलता

पुलिस अधीक्षक के अनुसार, संजय यादव को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। इसी दौरान उसके बयान और निशानदेही पर 10 नवंबर को हुसैनाबाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में केमो-दुधिया जंगल में छापेमारी की गई। जंगल में जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए एक 7.62 एमएम स्वचालित एसएलआर राइफल और 7.62 एमएम के 140 तथा .303 एमएम के 150 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

इसके अतिरिक्त तीन खाली मैगजीन, एक राइफल बट, एक मैगजीन पाउच, एक फोर साइट, चार चार्जर, एम-सील, सीलिंग सामग्री, दो टीन के केन और एक सफेद रंग का केसिंग पाइप भी बरामद हुआ।

एसपी की अपील- हिंसा नहीं, प्रशासन पर करें भरोसा

प्रेस वार्ता में एसपी कपिल चौधरी ने संजय यादव के माओवादी बनने के पीछे की वजह का जिक्र करते हुए कहा कि वह अपने गोतिया के साथ जमीन विवाद के कारण संगठन में शामिल हुआ था। उसे उम्मीद थी कि माओवादी संगठन से जुड़कर वह अपनी जमीन पर कब्जा कर सकेगा। लेकिन 15 साल तक संगठन में रहने के बाद भी उसका यह उद्देश्य पूरा नहीं हुआ।

एसपी ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को अपनी व्यक्तिगत समस्याओं के समाधान के लिए गलत रास्ता नहीं अपनाना चाहिए। पुलिस और प्रशासन के सहयोग से भी समस्याओं का समाधान संभव है। यदि संजय यादव ने 15 साल पहले प्रशासन से मदद मांगी होती, तो आज उसे इस स्थिति का सामना नहीं करना पड़ता।

उन्होंने माओवादी संगठन से जुड़े लोगों से अपील की कि वे हिंसा का रास्ता छोड़कर सरकार की आत्मसमर्पण नीति का लाभ उठाएं। मुख्यधारा में लौटकर अपने परिवार के साथ सुरक्षित और खुशहाल जीवन व्यतीत करें।

चार जिलों में दर्ज हैं 63 आपराधिक मामले

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, संजय यादव के खिलाफ झारखंड और बिहार के चार जिलों में कुल 63 मामले दर्ज हैं। इनमें पलामू में 32, गढ़वा में एक, बिहार के औरंगाबाद में 20 तथा गया में 10 मामले शामिल हैं।

कई पुलिस पदाधिकारियों की टीम ने निभाई अहम भूमिका

पूरी कार्रवाई में एसडीपीओ हुसैनाबाद दिव्यांश शुक्ला, एसडीपीओ छतरपुर प्रशांत कुमार, हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार, हरिहरगंज के कुमार सौरभ, नवाबाजार थाना प्रभारी संजय यादव, लठिया पिकेट प्रभारी मुकेश कुमार, झारखंड जगुआर-10 के अमित कुमार एवं महेंद्र कुमार, छतरपुर थाना प्रभारी सौरभ चौबे, पिपरा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार, हुसैनाबाद थाना के विमल कुमार और महुदंड पिकेट प्रभारी रेवाशंकर राणा सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे।

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार माओवादी के अन्य सहयोगियों और संगठन के नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। माओवादी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।

संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबरें.
🔮 आज का राशिफल — 23 November 2026
मेष
आर्थिक स्थिति में सुधार के संकेत हैं, धैर्य रखें।
वृषभ
नए संबंध या साझेदारी के लिए अच्छा समय है।
मिथुन
रुका हुआ काम आज पूरा हो सकता है।
कर्क
कार्यक्षेत्र में मेहनत का फल मिलेगा, वरिष्ठों का सहयोग प्राप्त होगा।
सिंह
किसी पुराने मित्र से मुलाकात हो सकती है।
कन्या
आर्थिक स्थिति में सुधार के संकेत हैं, धैर्य रखें।
तुला
किसी पुराने मित्र से मुलाकात हो सकती है।
वृश्चिक
यात्रा के योग बन रहे हैं, सफर शुभ रहेगा।
धनु
पारिवारिक जीवन में खुशियां बनी रहेंगी, प्रियजनों के साथ समय बिताएं।
मकर
विद्यार्थियों के लिए दिन अनुकूल रहेगा, एकाग्रता बढ़ेगी।
कुंभ
पारिवारिक जीवन में खुशियां बनी रहेंगी, प्रियजनों के साथ समय बिताएं।
मीन
किसी पुराने मित्र से मुलाकात हो सकती है।